गुणवत्ता के साथ कार्यों में तेजी लाएं और समय पर पूर्ण करें अधिकारी: सीडीओ
रुद्रपुर
मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने अमृत सरोवर योजना के तहत किये जा रहे कार्यों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधायक निधि, मनरेगा आदि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों में प्रगति लाते हुए कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण करें।
शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने कहा कि कार्यालयों में फाईलों का रख-रखाव बेहतर ढंग से करें। खंड विकास अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की पीपीटी में उच्च गुणवत्ता की फोटोग्राफ का इस्तेमाल करें। अमृत सरोवर योजना के तहत किये जा रहे विकास कार्यों की ऑनलाइन फीडिंग के कार्यों को भी शीघ्रता से करें। इसके लिए अपने अधीनस्थों को निर्देशित करें। उन्होंने अमृत सरोवर के विकास कार्यों को युद्धस्तर पर करते हुए कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यों को युद्धस्तर पर करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें लाभांवित करने के निर्देश दिए। कार्य में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को जानकारी दें। ताकि समस्या का शीघ्रता से समाधान हो सके। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी तारा हयांकी, सहायक निदेशक यूआईआरडी हिमांशु जोशी, खंड विकास अधिकारी नवीन उपाध्याय, चितांराम आर्या, सुरेश चन्द्र पंत, गंगा गिरी गोस्वामी, प्रेम सिंह डसीला, असीत आनंद, सुभाषिनी आदि उपस्थित थे।
