उत्तराखण्ड

रायपुर के जंगलों में कच्ची शराब की भट्टियों पर पुलिस का छापा, छह गिरफ्तार

रुद्रपुर

रायपुर गांव के जंगलों में अवैध कच्ची शराब के उत्पादन और बिक्री की शिकायतों पर रविवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी के आदेश पर सुबह छह बजे भारी पुलिस बल के साथ दबिश देकर कच्ची शराब बनाने वाली भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके से करीब पांच हजार लीटर लहन नष्ट करने के साथ छह ड्रम भी निष्प्रयोज्य कर दिए गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद की। सीओ विभव सैनी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची शराब के उत्पादन और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।इसे देखते हुए रविवार सुबह रायपुर गांव के जंगलों में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान जंगल में संचालित अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया। पुलिस ने मौके पर तैयार किए जा रहे कच्ची शराब के लहन को नष्ट कर दिया और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले छह ड्रमों को भी निष्प्रयोज्य कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिंदुखेड़ा निवासी गुरनाम सिंह, खेड़ा बस्ती निवासी मनीष वाल्मीकि, बगवाड़ा निवासी जोगेद्र सिंह उर्फ गिदी, शिमला पिस्तौर निवासी बलदेव सिंह, आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी निवासी सुभाष शाह और रंजन कुमार को गिरफ्तार किया। सीओ ने बताया कि अवैध कच्ची शराब की बिक्री और उत्पादन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *