खाई में समाई मोटरसाइकिल, एक की मौत, दो घायल
देहरादून (ईएमएस)। आज प्रातः लगभग एक बजे पुलिस चौकी ब्यासी द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया कि शिवपुरी के पास एक मोटरसाईकल खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है, जिसमे रेस्क्यू हेतु एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मौके पर पहंुचकर देखा की एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल अवस्था में थे। तीनों का रेस्क्यू किया गया। इस दौरान सूचना पर एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक नीरज चौहान के हमराह मय रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इस दौरान घटनास्थल पर पहुँचकर ज्ञात हुआ कि उक्त बाइक यूपी72बीडी-6475 पर सवार तीन व्यक्ति ऋषिकेश से श्रीकेदारनाथ दर्शन हेतु जा रहे थे कि रास्ते में अचानक बाईक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दौरान एसडीआरएफ टीम के सदस्यों द्वारा रात्रि के घनघोर अंधेरे व अत्यधिक विषम परिस्थितियों के बीच त्वरित कार्यवाही करते हुए रोप के माध्यम से खाई उतरकर वाहन तक पहुँच बनायी। टीम के सदस्यों ने बताया कि वाहन में सवार तीन लोगों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी व दो व्यक्ति घायल अवस्था में थे। इस दौरान टीम के सदस्यों द्वारा सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों घायलों को रोप स्ट्रेचर के माध्यम से खाई से बाहर निकालकर उचित उपचार हेतु एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल भिजवाया गया व अन्य एक व्यक्ति के शव को भी खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने बताया कि घायलों में विश्वास प्रताप सिंह पुत्र राजू सिंह निवासी सुल्तानपुर अमेठी उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष, अपूर्व सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी उपरोक्त उम्र 21 वर्ष है, वहीं मृतक आकाश उपाध्याय पुत्र राजू उपाध्याय निवासी सुल्तानपुर अमेठी उत्तर प्रदेश उम्र 25 वर्ष है।
