उत्तराखण्डमुख्य समाचार

भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग

अल्मोड़ा

यूकेएसएसएससी परीक्षा भर्ती घोटाले समेत विधान सभा में बैक डोर भर्तियों के खिलाफ युवाओं में भारी रोष व्याप्त है। मंगलवार को नाराज युवाओं ने यूकेएसएसएससी में हुई धांधली और विधानसभा में हुई फर्जी नियुक्तियों की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर डीएम वंदना के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में युवाओं ने कहा कि विस में हुई बैक डोर भर्तियों और यूकेएसएसएससी में धांधली के माध्यम से हुई भर्तियों के चलते मेहनती युवा अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। धांधलियों के चलते आज मेहनत करने वाले युवाओं को रोजगार से वंचित रहना पड़ रहा है। इससे युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसके अलावा युवाओं ने भर्ती के फर्जीवाड़े के संबंध में सीबीआई जांच कराने, वर्तमान में जो परीक्षाएं रद्द की गई हैं उन्हें अतिशीघ्र संपन्न कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं उत्तराखंड में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने और परीक्षा की विज्ञप्ति निकलने से लेकर नियुक्ति तक सभी तिथियों को स्पष्ट करने की भी मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई। यहां ज्योति भट्ट, आशीष पंत, प्रेम कुमार, मनोज भट्ट, भास्कर भौर्याल, अमन पाठक ,अखिलेश टम्टा, नीरज पांगती, राहुल जोशी आदि युवा मौजूद रहे।