उत्तराखण्ड

राधा-कृष्ण के रंग में रंगे बच्चे

रुड़की

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-एक में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्राचार्य वीके त्यागी ने कहा कि यह पर्व पूरी दुनिया में पूरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। जन्माष्टमी को भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में बसे भारतीय भी पूरे उल्लास से मनाते हैं। श्री कृष्ण युगों-युगों से हमारी आस्था के केंद्र रहे हैं। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्राथमिक विभाग से परिधि सुयाल व हर्षित ने प्रथम, अनुश्री व श्रेष्ठ ने द्वितीय, समृद्धि व अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक विभाग से पिया व पीहू प्रथम, तनु व अवनि द्वितीय, सुकन्या व किंजल शर्मा ( 6 ब ) तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग में परिधि सुयाल ने प्रथम, समृद्धि व परिधि ने द्वितीय, सक्षम व पलक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में मुस्कान व तनिष प्रथम, अर्लोव व हंशिका द्वितीय, मैत्रेयी व नंदिनी तृतीय स्थान पर रहे। उपप्राचार्या अंजू सिंह ने सभी विजयी प्रतिभागियों और उनके शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में हर एक पर्व को मनाने का उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति से परिचय कराना व मिलजुल कर खुशियां बांटना सीखाना होता है। कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष पूनम कुमारी ने किया। इस अवसर पर अमरीश कुमार, कुसुम जोशी आदि मौजूद रहे।