मुख्य समाचारराज्यों से

एनआईए की हिरासत में भेजा गया गैंगस्टर छोटा शकील का करीबी रिश्तेदार सलीम कुरैशी

मुंबई 

मुंबई की एक विशेष अदालत ने दाऊद इब्राहिम गिरोह की आंतकी गतिविधियों में सहायक की भूमिका निभाने के आरोप में गिरफ्तार सलीम कुरैशी को 17 अगस्त तक के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में भेजा गया है। एनआईए ने दाऊद गिरोह के सदस्य मुंबई निवासी सलीम कुरैशी उर्फ ‘सलीम फ्रूट’ को गुरुवार को गिरफ्तार किया था।
एनआईए के मुताबिक, कुरैशी भगोड़े गैंगस्टर छोटा शकील का करीबी रिश्तेदार है। कुरैशी को विशेष एनआईए अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे एनआईए की हिरासत में भेजा गया। केंद्रीय एजेंसी ने यह दावा करते हुए कुरैशी को 15 दिनों की हिरासत में भेजने का अनुरोध किया कि कुरैशी ने डी कंपनी की आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए धन जुटाने में संपत्ति के सौदे और विवाद निपटान के जरिए शकील के नाम पर बड़ी मात्रा में धन उगाही में सक्रिय भूमिका निभाई है।
एनआईए ने अदालत को बताया कि उसने मई में मुंबई में 29 जगहों पर छापेमारी की थी और अवैध संपत्ति से संबंधित कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए थे। उसने कहा कि कुरैशी ने दाऊद गिरोह के नाम पर बिल्डरों को धमकाया और उनसे करोड़ों रुपये की उगाही की। कुरैशी की ओर से पेश वकील वी राजगुरु ने रिमांड अर्जी का विरोध किया। वकील ने कहा कि आरोपी दक्षिण मुंबई के भायखला में मेडिकल की दुकान चलाता है और उसकी ऐसी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है, जो उसके जबरन वसूली गिरोह का हिस्सा होने के आरोप को साबित कर सके। उन्होंने कहा कुरैशी के खिलाफ दाऊद गिरोह से संबंध दिखाने के लिए कोई प्राथमिकी या आरोपपत्र लंबित नहीं है।