सीएमओ ने किया सीएचसी केंद्र का औचक निरीक्षण
रुडक़ी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में गंदगी देखकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाकर व्यवस्थाएं सुधारने के भी निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. शंभू कुमार झा बुधवार को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उनके द्वारा पाया गया कि कई स्थानों पर गंदगी है। इसके अलावा विभिन्न कक्षों में रखा फर्नीचर भी साफ नहीं किया गया है। गंदगी को देखकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई। इसके अलावा उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के तहत संचालित होने वाले कक्ष का भी निरीक्षण किया। उनके द्वारा जनरल वार्ड को भी देखा गया तथा टीकाकरण केंद्र का भी उनके द्वारा निरीक्षण किया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा उन्हें बताया गया कि कुछ कार्य किए जाने हैं लेकिन बजट के अभाव में यह कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि जो भी कार्य अस्पताल में कराए जाने प्रस्तावित हैं उनका प्रस्ताव बनाकर उन्हें भेजा जाए। ताकि वह मुख्य विकास अधिकारी को विधिवत रूप से प्रस्ताव भेजें।
