ऋषभ ने हार के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार बताया
नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 क्रिकेट मुकाबले में मिली हार के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार बताया है। भारतीय टीम इस सीरीज के पहले दो मैच हारने के कारण 2-0 से पीछे हो गयी है। ऋषभ ने हार के बाद कहा कि उनकी टीम ने बल्लेबाजी में 10-15 रन कम बनाये हैं। .
कप्तान ने कहा, ‘हम 10-15 रन कम बना पाए। भुवनेश्वर कुमार और तेज गेंदबाजों ने पहले 7 से 8 ओवर में अच्छी गेंदबाजी की थी पर इसके बाद गेंदबाजी प्रभावी नहीं रही जबकि इन ओवरों में हमें विकेट मिलने चाहिये थे।’ साथ ही कहा, ‘ क्लासेन और बावुमा ने अच्छी बल्लेबाजी की जबकि हम पहले ओवरों की तरह ही बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे, उम्मीद है कि हम अगले मैच में सुधार करेंगे। हमें अब बचे हुए तीनों मैच जीतने पड़ेगे।’
