खेल

साहा ने बंगाल टीम से अलग होने का कारण बताया

नई दिल्ली

विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने बंगाल क्रिकेट टीम की ओर से रणजी ट्रॉफी नहीं खेलने को लेकर कहा कि अगर कोई ईमानदारी पर सवाल उठाये तो उसे सहन नहीं किया जा सकता। साहा ने कहा कि अगर उन्हें रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबले के लिए भी टीम में शामिल कर लिया जाता है तब भी वह बंगाल की ओर से नहीं खेलेंगे। साहा ने कहा कि उनकी कई क्रिकेट संघों से बातचीत जारी है हालांकि किस टीम की ओर से खेलेंगे यह अभी तय नहीं हुआ है। गौरतलब है कि गत वर्ष बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने साहा की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए थे। जिसपर वह भड़क गये थे। इसी कारण उन्होंने नाराज होकर बंगाल टीम से अपना नाम वापस ले था जबकि वह पिछले 15 साल से बंगाल की ओर से खेलते आ रहे थे। साहा ने कहा कि 15 साल तक बंगाल के लिए खेलने के बाद यह फैसला देना कठिन था पर जब निष्ठा और ईमानदारी पर सवाल उठाए जाते हैं तो दुख होता ही है।
साहा ने बंगाल टीम से हुए विवाद पर कहा, मेरे लिए भी यह बहुत दुखद अनुभव है कि बंगाल के लिए इतने लंबे समय तक खेलने के बाद मुझे इस तरह के हालातों से गुजरना पड़ा है। यह निराशाजनक है कि लोग इस तरह की टिप्पणियां करते हैं और आपकी ईमानदारी पर सवाल उठाते हैं। एक खिलाड़ी के रूप में, मैंने पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया था, लेकिन अब जब ऐसा हो गया है, तो मुझे भी किसी और टीम से खेलने की दिशा में बढ़ना होगा।
उन्होंने आगे कहा, मैंने अपना मन बना लिया था कि मैं बंगाल के लिए नहीं खेलूंगा, मैंने (क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष अविषेक डालमिया को फोन पर जानकारी दे दी थी हालांकि मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलूंगा और बंगाल टीम से अलग होने से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करूंगा और एनओसी हासिल करूंगा।