जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया कंट्रोल रूम का जायजा
पौड़ी
विधानसभा चुनाव के तहत सोमवार को मतदान का जिला निर्वाचन अधिकारी जायजा लेते रहे। इस दौरान उन्होंने एसएसपी के साथ निर्वाचन कंट्रोल रूम, पीडीएमएस कंट्रोल रूम, जिला पंचायत परिसर में बूथ, नगर पालिका न. 5, जीजीआईसी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका न. 5 में मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में भागीदार बने। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने निर्वाचन कंट्रोल रूम में मोक पोल और अन्य जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कहा कि पोलिंग पार्टियों की निरंतर रूप से मॉनीटरिंग करे। सभी बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण चलने की सूचना भी अपडेट करते रहे। उन्होंने मतदाताओं से मतदान करने की अपील की। उन्होंने पीडीएमएस के नोडल अधिकारी को जिन मतदान केंद्रों में कैमरे और मतदान केंद्र का नाम सही रूप से डिस्प्ले नहीं किया है, उन्हें ठीक कराने के निर्देश भी दिए। कहा कि जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर 50 फीसदी मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बूथों का निरीक्षण करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए इंतजार न करवाने को कहा।
