मकान के ताले तोड़कर गहने और नकदी चोरी
रुड़की। मंगलौर। बंद घर के ताले तोड़कर चोरों ने घर में रखे लाखों के जेवर और नगदी चुरा लिए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के अशोकापुरम निवासी सन्नी शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 11 जून वह किसी कार्य से देहरादून गए थे। घर में उसकी पत्नी सुनैना शर्मा अकेली थीं। पीड़ित का कहना है कि शाम के समय सुनैना घर में ताला लगाकर पड़ोस में चली गई। इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बना दिया। आरोपियों ने घर के ताले तोड़कर घर में रखे करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण तथा 25 हजार रुपये तथा एक एलसीडी पर हाथ साफ कर दिया। कुछ देर के बाद जब उसकी पत्नी पड़ोस से वापस लौटी तो उसने घर के ताले टूटे देखे। पड़ोसियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
