सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया
रुड़की। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन दिया। उन्होंने आठ सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने पर गुस्सा जताया। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी नगर निगम पहुंचे। निगम में प्रदर्शन करने के बाद कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारी संघ आउट सोर्स और मोहल्ला स्वच्छता समिति कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, पीएफ, ईएसआई, बीमा की सुविधा, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन वर्दी, मानसून में बरसाती देने, संठगन पदाधिकारियों के बैठने और कर्मचारियों की समस्या सुनने के लिए कार्यालय की व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा स्वच्छता समिति और आउटसोर्स के माध्यम से तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति स्थल पर मस्ट्रोल के जरिए दर्ज करने, लोनिवि की स्वीकृत दरों पर आउटसोर्स और स्वच्छता समिति के कर्मचारियों को वेतन देने, मृतक आश्रि और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान, मृतक आश्रितों को अनुकंपा के अधार पर नियुक्ति दिए जाने, रामनगर पानी की टंकी के पास विभाग जमीन से अवैध कब्जे हटाने और क्षतिपूर्ति वसूलने, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का विदाई समारोह विभागीय खर्च पर करने की मांग की।
