उत्तराखण्ड

छोटे किसानों को नही मिल रही गन्ने की पर्चियां

रुड़की।  भाकियू (अंबावता) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ गन्ना किसानों ने एसडीएम से मिलकर समस्याएं बताई। कहा कि गन्ना समिति ने छोटे किसानों को अभी एक भी प्रति जारी नहीं की है। इससे वे गेहूं की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। एसडीएम में अधिकारियों से बात कर समस्या हल करने का भरोसा दिया है। भारतीय किसान यूनियन (अंबाबता) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहदीप सिंह के साथ अनिल चौधरी, पंकज कुमार, अबुल हसन, नितिन कुमार, कुलदीप सिंह, पवन कुमार, राकेश कुमार, पाला सिंह आदि ने शनिवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम वैभव गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि तकरीबन 50 हजार किसान लक्सर गन्ना समिति के सदस्य हैं। इनमें करीब 35 हजार छोटे किसान हैं। लक्सर मिल में पेराई सत्र शुरू हुए एक महीना होने वाला है। परंतु समिति द्वारा छोटे किसानों को गन्ने की एक भी पर्ची अभी तक नहीं दी गई है। बताया कि किसानों को गन्ने की कटाई करने के बाद खेतों की तैयारी करके उसमें गेहूं की बुवाई करनी है। पर गन्ने की पर्ची न आने से वह खेत ही खाली नहीं कर पा रहे हैं और उनकी गेहूं की बुवाई पिछड़ रही है। उन्होंने सभी किसानों को समानुपातिक रूप से गन्ने की पर्ची जारी करने के लिए समिति अधिकारियों को आदेश देने की मांग एसडीएम से की। एसडीएम ने समिति के अधिकारियों से बात कर उनकी समस्या हल कराने का भरोसा दिया है।