रुड़की में चालीस हजार ने नहीं लगाई दूसरी डोज
रुड़की। कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन सामने आने के बाद शहर में टीकाकरण की धीमी पड़ी रफ्तार तेज कर दी गई है। अब भी चालीस हजार लोग ऐसे हैं जिनकी दूसरी डोज लगने की तारीख आ गई है। लेकिन वह टीका लगाने नहीं आए। इसके लिए छह दिसंबर से महा अभियान चलेगा। कोविड की पहली डोज रुड़की शहर क्षेत्र में लगभग सब को लग गई है। कोरोना के नए वेरिएंट आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। शहर में 25 टीमें वैक्सीनेशन और चार टीमें कोविड जांच के लिए बनाई गई हैं। शहर के अधिकतर सार्वजनिक स्थलों पर वैक्सीन लगने का कार्य शुरू हो गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है। सभी सीमाओं पर रेंडम कोविड जांच भी चल रही है। रुड़की में चालीस हजार लोग ऐसे हैं जिनको दूसरी डोज लगाने की डयू डेट हो चुकी है। यह लोग टीका लगाने नहीं आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग फोन कर ऐसे लोगों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीके लगाने को कह रह है। छह से आठ दिसंबर तक तीन दिन का टीकाकरण महाअभियान भी चलना है। इसको लेकर भी प्लान तैयार किया जा रहा है। सेशन साइट व्यवस्थापक रामकेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को करीब एक हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई। छह दिसंबर से चलने वाले मेगा अभियान के लिए जगह आदि तय की जा रही है। घर-घर जाकर भी टीके लगाए जाएंगे।
