उत्तराखण्डमुख्य समाचार

गुरुकुल विवि के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चार माह से नहीं मिली पेंशन

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बीते चार महीने से पेंशन नहीं मिल पाई है। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मेडिकल सुविधा में भी कटौती कर दी गई है। जिसके चलते विवि के सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को विवि में सेवानिवृत्त कर्मचारियों कार्यकारिणी की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। गुरुकुल कांगड़ी पेंशनर्स यूनियन के अध्यक्ष डॉ. भारत भूषण ने बताया कि विवि के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बीते चार महीने से पेंशन न मिलने से वह मुसीबत में जीवन जीने को मजबूर हैं। मई 2023 को आधी पेंशन मिली थी, इसके पश्चात पिछले चार महीने से अधिक बीत गए, लेकिन गुरुकुल प्रशासन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन देने में असमर्थ रहा है। बताया कि गुरुकुल विवि प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मेडिकल की सुविधा भी काट दी है। बैठक में यूनियन के सचिव गिरीश सुंदरियाल, प्रो. बीडी जोशी, प्रो मुकेश रंजन, प्रो. एसके श्रीवास्तव, प्रो. पीपी पाठक, हेमन्त आत्रेय, महावीर यादव, चंद्र प्रकाश, द्विजेंद्र पंत, डॉ. प्रदीप जोशी आदि उपस्थित थे।