सतीकुंड का होगा सौंदर्यीकरण, कुंड में आएगा पानी
हरिद्वार। पौराणिक सतीकुंड का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कुंड में पानी के साथ ही लाइटिंग की जाएगी। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे कुंड का ब्लू प्रिंट तैयार करते हुए डीपीआर तैयार की जाए। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने कनखल स्थित सतीकुंड का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को निरीक्षण में बताया कि यह स्थान ऐतिहासिक है। पहले सतीकुंड में एक गूल के माध्यम से पानी आता था, जिससे पूरा कुंड पानी से भरा रहता था, जिसमें चारों तरफ कमल खिले रहते थे, लेकिन बाद में वह गूल किसी वजह से बन्द हो गई। इसका पानी का स्रोत बन्द हो गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गूल सहित इस पूरे सतीकुंड का सर्वे कराया जाए। सौन्दर्यीकरण इस प्रकार किया जाए कि सतीकुंड का पूरा इतिहास उसमें आए।
