उत्तराखण्ड

उत्तराखंड किसान मोर्चा की महापंचायत आज

रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा के पदाधिकारी आज होने वाली महापंचायत की तैयारी को अंतिम रूप देने में रविवार को जुटे रहे। सोमवार को होने वाली महापंचायत के मद्देनजर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने रुड़की नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में 11 बजे तक ही शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए हैं। 11 बजे के बाद स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी जाएगी। उत्तराखंड किसान मोर्चा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चार सितंबर सोमवार को महापंचायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर करने की घोषणा पहले से ही की हुई है। रविवार को मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड के निर्देशन में विभिन्न गांवों में बैठक कर पंचायत को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। गुलशन रोड ने बताया कि आपदा में प्रभावित हुए किसानों को समुचित मुआवजा दिए जाने सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले किसान अपने ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर दोपहर करीब 12 बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के पास पहुंचेंगे। जहां पर पंचायत करने का ऐलान किया गया है। गुलशन रोड ने दावा किया कि भारी संख्या में किसान महापंचायत में पहुंचेंगे। वहीं दूसरी ओर महापंचायत की घोषणा को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को नगरीय क्षेत्र के सभी विद्यालयों की 11 बजे के बाद छुट्टी घोषित कर दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता के निर्देश पर रुड़की खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रबंधन को इस आदेश से अवगत कराते हुए उसका अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं।