उत्तराखण्डमुख्य समाचार

बिना बंटवारे के करा लिया पैतृक संपत्ति का दानपत्र

हरिद्वार। पैतृक संपत्ति को बिना बंटवारे के परिवार के एक सदस्य से दानपत्र लिखवा लेने का मामला सामने आया है। दानपत्र करने वाले युवक के सगे भाई ने चार लोगों को नामजद करते हुए प्रभावी धाराओं में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया है। ज्वालापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराते हुए पंकज गुलाटी पुत्र स्व. हरिओम गुलाटी निवासी मकान नंबर माया मार्केटिंग संत मोटर्स के सामने आर्य नगर ने बताया कि वह छह भाई बहन हैं। उन्होंने अपनी पैतृक संपत्ति में से कुछ हिस्सा बेच दिया था, लेकिन उसके भाई किशन गुलाटी को बहला फुसलाकर तीरथ राज पुत्र वासुदेव मिश्रा निवासी शनि देव मंदिर निकट गुरुकुल कांगड़ी, उसके सांझेदार राजीव चौहान पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी मोहल्ला धीरवाली नजदीक गीतांजलि स्कूल के पास ज्वालापुर, अरविंद कटारिया और मनोज गिरि ने पिछले साल दिसंबर माह में संपत्ति का कुछ हिस्सा तीरथ राज और राजीव चौहान ने अपने नाम दानपत्र करवा लिया। आरोप है कि कूटरचना करते हुए फर्जी तरीके से दानपत्र बनवाया गया है। आरोप है कि वह लोग उनकी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करते हुए कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि उनकी बिना सहमति के संपत्ति का दानपत्र किया गया है जबकि उनका अभी तक बंटवारा नहीं हुआ है। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए उन्हें हत्या की धमकी दी गई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।