भाकियू ने अधिकारियों पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन तोमर की एक सभा पनियाला मंडल अध्यक्ष तसलीम राव के आवास पर हुई। हरिद्वार जिलाध्यक्ष विकेश बालियान ने बताया कि 17 जून को भाकियू तोमर ने जनपद हरिद्वार के अन्तर्गत रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया था। इसके बाद एसडीएम और मजिस्ट्रेट द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जो भी समस्याएं हैं वह सरकार तक पहुंचाई जाएंगी। इसके अलावा सरकार से वार्ता कराई जाएगी। लगभग डेढ़ महीना बीत जाने के बावजूद अधिकारियों ने अभी तक सीएम से मुलाकात नहीं कराई है। इसे लेकर संगठन में भारी रोष है। संगठन के चीफ राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि अगर हरिद्वार शासन, प्रशासन सीएम से मुलाकात नहीं कराता तो भारतीय किसान यूनियन तोमर 22 अगस्त को जिले में जगह-जगह चक्का जाम करेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
