फिर बारिश होने से सहमे लोग
रुड़की। रुड़की में मंगलवार को फिर बारिश हुई और दिनभर होती रही। लेकिन इस बार बारिश लगातार मूसलाधार नहीं रही। बारिश के कारण दोपहर तक जनजीवन पर असर पड़ा। पहले से जल भराव से जूझ रहे इलाकों के लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। इस बार रुड़की में जुलाई के पहले पखवाड़े में जमकर बारिश हुई। दो दिन तक मूसलाधार बारिश होती रही। बारिश ने शहर के लगभग हर इलाके को पानी में डुबो दिया। पिछले शनिवार से बारिश थमी हुई थी। लगातार धूप निकलने से तापमान भी बढ़ रहा था। सोमवार रात से मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। मंगलवार सुबह करीब चार बजे से बारिश शुरू हो गई थी। दोपहर साढ़े बारह बजे तक जारी रही। बीच-बीच में तेज बारिश भी हुई लेकिन यह पहले के मुकाबले कम रही इसलिए घरों में पानी भरने जैसी समस्या नहीं आई।
