निर्माणाधीन मकान में चोरी करते एक धरा, दूसरा फरार
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सिंगरा कॉलोनी में एक व्यापारी के निर्माणाधीन मकान से लोगों ने चोरी कर रहे एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपी की लोगों ने धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने पर व्यापार मंडल ने नाराजगी जताई है। व्यापारी मनीष बजाज पुत्र जगदीश बजाज निवासी सिंगरा कॉलोनी विकासनगर सोमवार सुबह सिंगरा कॉलोनी में अपने दूसरे निर्माणाधीन मकान में मजदूरों को लेकर काम कराने के लिए पहुंचे। देखा कि निर्माणाधीन मकान के गेट पर लगा ताला टूटा हुआ था। मकान के अंदर से कुछ लोगों की आवाजें आ रही थी। जिस पर मनीष के पिता जगदीश बजाज मकान के अंदर गए तो दो लोग वहां चोरी कर रहे थे। तभी एक आरोपी मनीष के पिता पर वॉस बेसिन से हमला करने लगा। जिस पर जगदीश बजाज ने शोर मचाया। जिस पर मनीष मजदूरों को लेकर घर के अंदर गए। तभी एक आरोपी मौके से फरार हो गया। जबकि दूसरे को पकड़ लिया। जिसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान पकड़े गए आरोपी ने मनीष और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी है। मनीष बजाज की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास, जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। एसएसआई भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है
