परीक्षा केंद्र के बाहर बंद रहेंगी फोटो स्टेट की दुकानें
रुड़की
भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक होने से हुई किरकिरी के बाद अब सरकार हर प्रतियोगी परीक्षा को लेकर सतर्क है। नौ अप्रैल को वन आरक्षी की परीक्षा को लेकर प्रशासन ने बैठक कर रणनीति तय की। परीक्षा के दिन केंद्रों पर 200 मीटर की परिधी में धारा 144 लागू की गई है। पिछले कुछ सालों में भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने और नकल के मामले सामने आए थे। वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में घपले के तार रुड़की और आसपास क्षेत्र से जुड़े। मामले में नारसन क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर संचालक सहित अन्य लोगों पर मंगलौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके बाद पटवरी भर्ती, एई, जेई परीक्षा में भी गड़बड़ी सामने आई थी। पटवारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के तार रुड़की और देहात से जुड़े मिले। अब नौ अप्रैल (रविवार) को राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से वन आरक्षी के पदों के लिए भर्ती परीक्षा होनी है। दो घंटे की लिखित परीक्षा के लिए प्रशासन ने इंतजाम किए हैं।
