डोडा पोस्त की खेती करने वाले 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नई टिहरी
कैंपटी पुलिस ने डोडापोस्त की खेती करने वाले 14 ग्रामीणों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की है। पुलिस ने मौके पर ही नशे की इस फसल को नष्ट भी किया। थानाध्यक्ष कैम्पटी अमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस चौकी नैनबाग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकोट के पास अफीम डोडा पोस्त की खेती होने की सूचना मिलने पर थाना कैंपटी पुलिस टीम ने तहसीलदार नैनबाग को सूचित किया। तहसीलदार ने मौके पर आकर राजस्व अभिलेखों की रिपोर्ट के आधार पर पंचायती जमीन पर डोडा पोस्त की खेती करना पाया। पुलिस ने बालकराम नौटियाल पुत्र शीशराम, जगत राम पुत्र संतराम, सन्तानन्द पुत्र हेतराम, खिला राम पुत्र हेतराम, विनोद पुत्र लखीराम, नवीन पुत्र लखीराम, चिम्मो देवी पत्नी लखीराम, मुकेश पुत्र यागेश्वर, अमित पुत्र यागेश्वर, रोशनी देवी पत्नी योगेश्वर, राजा राम पुत्र श्रीराम, तिलक राम पुत्र श्रीराम, हंसराम, शीशराम सभी निवासी नकोट गांव वालों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मियों ने मौके पर ही पोस्त की खेती को नष्ट करने का काम भी किया गया। इस कार्रवाई में नैनबाग चौकी प्रभारी बलबीर सिंह रावत, एसआई सत्येंद्र सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
