उत्तराखण्डमुख्य समाचार

स्वाभिमान सम्मेलन के रूप में मनाई जायेगी राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा की 25वीं वर्षगाँठ

देहरादून

राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा की 25वीं वर्षगाँठ स्वाभिमान सम्मेलन के रूप में मनाई जायेगी। यह विशाल कार्यक्रम नौ अप्रैल को दिल्ली में आयोजित होगा। मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद घाघट ने जानकारी देते हुए बताया कि मोर्चा की एक बैठक कांवली रोड पर आयोजित की गयी। उन्होंने बताया कि बैठक में बतौर मुख्य अतिथि मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भागवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि संगठन 25 वर्षों से समाजहित मे निरंतर कार्य कर रहा है वहीं देश के ज्यादातर राज्यों में मोर्चा का गठन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल्मीकि समाज को शिक्षा, स्वरोजगार, उनके कर्तव्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना है स साथ ही सरकार से माँग की जायेगी कि अनुसूचित जाति के आरक्षण में बाल्मीकि समाज को पृथक आरक्षण दिया जाए, समस्त विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए, राष्ट्रीय एवं राज्य सफाई कर्मचारी आयोग को सवैधानिक दर्जा दिया जाए, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सरल की जाए और अयोध्या के श्रीराम मंदिर में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापित की जाए। उन्होंने बताया कि स्वाभिमान सम्मेलन के अवसर पर कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री भानु प्रताप वर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, अखिल भारतीय सामाजिक समरसता मंच के संयोजक श्याम प्रसाद, सांसद मनोज तिवारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री लाल निर्मल मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर बैठक में अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।