पंजाब के सरकारी दफ्तरों और कर्मचारियों के घरों में लगेंगे स्मार्ट मीटर, 15 सितंबर तक डेडलाइन
बठिंडा
पंजाब में हो रही बिजली चोरी को रोकने के लिए अब पावरकाम ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को अब अमलीजामा पहनाने कान निर्णय लिया है। पावरकाम की ओर से अब पहले फेज में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयार कर ली है, जिसके तहत शुरूआती समय में सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के दफ्तरों व घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
लोगों की हर बार यही शिकायत होती है कि सरकार की ओर से हर योजना को लागू कर दिया जाता है।
इसके चलते पहले इसको अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए चलाया जाएगा। इस संबंध में पावरकाम के अधिकारियों की ओर से दो दिन पहले मीटिंग भी की गई। जिसमें वेस्ट जोन के चीफ इंजीनियर ने आदेश दिए कि बठिंडा के अधीन जितने भी सरकारी दफ्तर, कार्पोरेशन के दफ्तर, सरकारी क्वार्टर व सरकारी कर्मचारियों के घर हैं, वहां पर पहल के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। जबकि इस काम को हर हाल में 15 सितंबर से पहले पूरा करने के भी आदेश दिए।
वहीं पावरकाम के वेस्ट जोन के चीफ इंजीनियर पुनरदीप सिंह का कहना है कि फिलहाल पहले फेज में सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया जाएगा। जिसको 15 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दूसरे फेज में आम लोगों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जाएगा। जबकि स्मार्ट मीटर लगने से काफी हद तक बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा।
