ससुराल पहुंचकर पति ने पत्ती को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का किया प्रयास
जालौन
यूपी के जालौन में हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति ने अपने 7 साल के बेटे के सामने ही पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग से लिपटी पत्नी शोर मचाकर भागी, तभी शोर सुनकर घर और परिवार के लोग आ गए जिसके बाद आनन-फानन में आग बुझाकर महिला की जान बचाई गई। वहीं वारदात को अंजाम देने वाला पति भी घटना के बाद बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और उस भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिया खरका की रहने वाली पुष्पा अपने पत्नी मूलचंद्र से झगड़ा करके तीन बच्चों के साथ 2 दिन पहले मायके आ गई थी। इसके बाद उसका पति मूलचंद रविवार को उसे मानने के लिए ससुराल पहुंच गया। इस दौरान उनके बीच विवाद भी हुआ मगर परिजनों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। दोपहर को जब सभी लोग काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, तभी मूलचंद शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा, जहां पत्नी पुष्पा ने उसे नशे में धुत देखा तब उनके बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मूलचंद ने पेट्रोल लाकर अपने 7 साल के बेटे जतिन के सामने ही उसकी मां पुष्पा के ऊपर डालकर लाइटर से आग लगा दी, जिससे महिला आग की लपटों में घिर गई और चीखते हुए छत की ओर भागी।
इसी दौरान मूलचंद ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, मगर अधिक नशे में होने के कारण वह बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ा। शोर को सुनते ही आसपास और घर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने महिला को आग की लपटों से बचाया और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
