विधायक चौहान ने किया वैक्सीनेशन केन्द्रों का निरीक्षण
विकासनगर
विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित टीकाकरण केंद्रों का क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं के साथ टीकाकरण कराने पहुंचे ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करते हुए वैक्सीन की कमी न होने देने का भरोसा भी दिलाया। मंगलवार सुबह विधायक चौहान ने लक्ष्मणपुर, दिनकर विहार और कटापत्थर आदि स्थानों पर चल रहे वैक्सीनेशन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण के लिए पहुंचे ग्रामीणों और टीकाकरण कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों से केंद्रों पर व्यवस्थाओं और समस्याओं के संबंध में वार्ता की। मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। ऐसे में टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सरकार ने गांव-गांव में कैंप लगाकर टीकाकरण की व्यवस्था की है। जिसका अधिक से अधिक ग्रामीण लाभ भी उठा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करते हुए अनिवार्य रूप से वैक्सीन लगवाने की अपील भी की। साथ ही, कैंपों में लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क रहने की हिदायत भी दी। इस मौके पर संदीप चौहान, अर्जुन कुमार, गौरव चावला, विनय पुंडीर, नीरज ठाकुर, रोशन नेगी, जितेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
