सरकारी विभागों ने निकाली संयुक्त तिरंगा यात्रा
रुड़की
बुधवार को एसडीएम गोपालराम बिनवाल ने कई सरकारी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। एसडीएम ने तहसील मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए हजारों वीर सपूतों ने कष्ट सहे हैं। वे आजादी के लिए हंसकर अपनी जान की कुर्बानी देने में भी पीछे नहीं हटे। कहा कि उनकी शहादत पर हर देशवासी को गर्व है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद गौहर हयात और बीडीओ पवन सैनी ने भी आजादी की लड़ाई को लेकर अपने विचार रखे। पूरे नगर में घूमकर खंड विकास कार्यालय परिसर में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद स्मारक पर पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया। इससे पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। यात्रा में लक्सर केवी इंटर कॉलेज, आईपी स्कूल, जमदग्नि पब्लिक स्कूल, कृषक इंटर कॉलेज रायसी तथा कई अन्य स्कूलों के छात्र, छात्राएं शामिल रहे।
