आजादी की वर्षगांठ पर तालाबों पर फहराया जाएगा तिरंगा
रुड़की
सरकार की तरफ से रुड़की ब्लॉक में 12 अमृत सरोवर बनाने को कहा गया था। जिसमें से आधे तालाबों के जीर्णोंद्धार का कार्य 15 अगस्त से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। सरकार द्वारा चलाई जा रही अमृत सरोवर योजना के तहत बेहाल पड़े तालाबों का जीर्णोंद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य होना है। इसके लिए काफी समय पहले तालाबों का चयन कर कार्य शुरू कर दिया गया था। जिन सरावरों का कार्य पूरा हो चुका है। उन पर अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त को ध्वजारोहण किया जाएगा। पहले तालाबों की सफाई, मिट्टी खुदाई, घाट निर्माण का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद अमृत सरावरों के घाट पर ध्वजारोहण के लिए प्लेटफार्म निर्माण का काम किया जा रहा है। बीडीओ शिव प्रसाद थपलियाल ने बताया कि रुड़की ब्लॉक के 12 तालाबों को अमृत सरोवर योजना में शामिल किया गया हैं। अमृत सरोवर योजना में तालाबों के जीर्णोंद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि तालाबों की सफाई और खुदाई आदि का कार्य मनरेगा योजना के तहत कराया जा रहा है। अभी ब्लॉक रुड़की के नौ अमृत सरोवरों के जीर्णोंद्धार का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन नौ अमृत सरोवरों पर स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण किया जाएगा। जिसके लिए अमृत सरोवरों के घाटों पर प्लेटफार्म निर्मित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण के लिए स्वतंत्रता सेनानियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
