उत्तराखण्ड

बांध प्रभावितों ने की दुबारा भूगर्भीय सर्वेक्षण कराए जाने की मांग

विकासनगर। लखवाड़ बांध प्रभावित क्षेत्र जनकल्याण समिति की बैठक में लखवाड़ गांव का भूगर्भीय सर्वेक्षण दुबारा कराए जाने की मांग सरकार से की गई। लखवाड़ बांध प्रभावित क्षेत्र जनकल्याण समिति की बैठक रविवार को लखस्यार के पंचायत भवन में संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष जगमोहन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार बांध प्रभावितों की समस्याओं के प्रति अनजान बनी हुई है। गांव भूगर्भीय सर्वेक्षण दुबारा करवाया जाना जरूरी है,जिससे बांध निर्माण कार्य शुरू होने के बाद पैदा होने वाली भौतिक परिस्थितियों से बचा जा सके। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद बारूदी विस्फोट और भारी मशीनों के प्रयोग से ग्रामीण बस्ती को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। इस खतरे से निपटने के लिए दुबारा भू गर्भीय सर्वेक्षण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने परिवार गणना वर्ष 2022 के परिवार रजिस्टर को आधार मानते हुए करने और क्षतिपूर्ति की दर वर्तमान में बढ़ी हुई दर के अनुसार बढ़ाए जाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। साथ ही कहा कि बांध प्रभावित प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को स्थाई रोजगार दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति को आधार मानते हुए प्राकृतिक व्यवसाय को प्रत्येक परिवार को सुविधा मुहैया कराने की मांग प्रदेश सरकार से की है। इस दौरान भजन सिंह तोमर, सराय सिंह, चतर सिंह, आमिर चौहान, जीवन सिंह, खुशीराम, सुरेंद्र प्रताप सिंह, रघुवीर सिंह तोमर, राकेश चौहान, सुशील, दयाल, गजेंद्र तोमर, सतीश आदि मौजूद रहे।