कांवड़ियों का दबाव बढ़ने से हुई ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित
ऋषिकेश
कांवड़ यात्रा के 13वें दिन नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर वापस गंतव्य की ओर लौटने वाले कांवड़ियों का दबाव रहा। इससे हाईवे पर मुनिकीरेती से खदरी श्यामपुर रेलवे क्रासिंग तक लगातार तीसरे दिन ट्रैफिक व्यवस्था की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों को जाम से दिक्कतें झेलनी पड़ीं। मंगलवार को सुबह से ही कांवड़िये नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर अपने गांव की ओर लौटते नजर आए। इससे हाईवे पर यात्री वाहनों, बाइकों और पैदल कांवड़ियों का दबाव बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। मुनिकीरेती शिवानंद गेट से कैलासगेट, चंद्रभागा पुल तिराहा, घाट चौक से लेकर खदरी श्यामपुर रेलवे क्रासिंग तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड चरमराती यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मशक्कत करते रहे। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर रविंद्र चमोली ने बताया कि हाईवे पर जगह-जगह कांवड़ियों को खीर और कड़ी का प्रसाद बांटने से भी यातायात बाधित हुआ। प्रत्येक तिराहे और चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने लंबा जाम नहीं लगने दिया। इससे लोगों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
