उत्तराखण्ड

छात्रावासों में वाटर कूलर खराब होने से छात्र परेशान 

 

श्रीनगर गढ़वाल

एचएनबी गढ़वाल विवि में केन्द्र से करोड़ों रुपये का बजट मुहैया होता है, किंतु आलम यह कि आज विवि के छात्रों को बिजली, पानी, वाईफाई, पुस्तकालय, कैंटीन और सफाई के लिए लड़ना पड़ता है। किंतु विवि में बैठे अधिकारी छात्रों की समस्याएं समय पर हल नहीं कर पाते है। जिससे हर रोज छात्रों के विभिन्न संगठनों को विवि प्रशासन के पास वार्ता के लिए जाना पड़ रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छह सूत्रीय मांगों के संदर्भ में विवि के डीएसडब्ल्यू से वार्ता कर विभिन्न समस्याएं गिनाईं। एबीवीपी के जिला संयोजक अमन पंत, संगठन मंत्री शाश्वत खंडूड़ी ने बताया कि विवि के सभी विभागों एवं छात्रावासों में पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। वाटर कूलर खराब पड़ने पर उसे ठीक नहीं किया जा रहा है। जबकि वाटर कूलरों की नियमित सफाई भी नहीं होती है। गर्मियों का मौसम होने के बाद भी विवि की बस सेवा केवल छात्रों को चौरास पुल तक ही छोड़ती है, जबकि यह बस विवि के चौरास कैंपस तक पहुंच सकती है। किंतु ऐसा नहीं किया जा रहा है। बस चौरास कैंपस तक ले जाए जाए। कैंटीन की विवि में जल्द सुविधा हो। पुस्तकालय में खराब हो चुकी पुस्तकों को हटाने तथा नयी पुस्तकें रखने तथा पुस्तकालय सुबह आठ से रात आठ बजे तक खुला रहे। विवि में जल्द वाईफाई की सुविधा बहाल जाए। विवि के समस्त विभागों एवं छात्रावासों में नियमिति सफाई की जाए। शौचालय गंदे पड़े रहते है। एबीवीपी ने कहा कि सफाई व्यवस्था के नाम पर लाखों रुपये खर्च होते है, किंतु सफाई राम भरोसे है। वार्ता में शुभम विज्लवान, दीपांशु मलवाल, महिपाल बिष्ट, शेखर, गौरव, अमित रावत, राहुल पंवार, दीपक चौधरी, हितेश आदि मौजूद थे।