उत्तराखण्ड

सवारी वाहन दुर्घटना ग्रस्त चालक की मौत, दो लोग घायल

नई टिहरी

बालगंगा तहसील के राजस्व क्षेत्र छतियारा-खवाड़ा मोटर मार्ग पर चमियाला की ओर आ रहा मैक्स वाहन मांदरा गांव के पास दुर्घटना ग्रस्त होने से उसमें सवार तीन लोग घायल हो गये। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी बेलेश्वर पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई।
तहसीलदार लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि बीते शुक्रवार देर शाम को राजीव पंवार वाहन चालक (36) पुत्र भारत सिंह पंवार निवासी ग्राम चमियाला, चमियाला बाजार से सवारियों को लेकर थालाधार गया था। वहां से चमियाला लौटते से समय छतियारा के पास दो युवक वाहन में सवार हो गये। कुछ दूर आगे आने के बाद मांदरा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खाई जा गिरा। जिससे वाहन में सवार साब सिंह (36) पुत्र दर्मियान सिंह तथा राजीव चौहान(26) पुत्र महावीर सिंह दोनों निवासी छतियारा तहसील बालगंगा और वाहन चालक राजीव पंवार घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने तीनों लोगों को खाई से निकालकर निजी वाहन से सीएचसी बेलेश्वर पहुंचाया। बताया उपचार के दौरान वाहन चालक की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल हुए दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। राजस्व पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर शव को पीएम के लिये भेज दिया।