उत्तर प्रदेश

जमालपुर में एसिड से भरा टैंकर पलटने से मचा हडक़ंप

रायबरेली

भदोखर थाना क्षेत्र के लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर अनियंत्रित टैंकर पलटने से हडक़ंप मच गया। एसिड से भरा टैंकर खड्डे में पलटते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई ।वहीं एसपी व आबकारी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। गुरुवार की सुबह एसिड से भरा टैंकर प्रयागराज से लखनऊ की तरफ जा रहा था।
जमालपुर गांव के निकट पहुंचते ही एसिड से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटने से एसिड का रिसाव तेजी से शुरू हो गया। एसिड का रिसाव शुरू होते ही धुंआ निकलने लगा।
टैंकर पलटने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति बनी रही । चालक और क्लीनर टैंकर छोडक़र भाग खड़े हुए। जानकारी के अनुसार टैंकर पलटने के बाद चालक व क्लीनर को मामूली चोटें भी आई है। सूचना मिलते ही आनन फानन मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दिया। एसिड से भरे ट्रक के पलटने की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई। मौके की नजाकत को देखते हुए फायर कर्मियों ने आनन फानन पानी का छिडक़ाव शुरू कर दिया। घंटों मशक्कत के बाद फायर कर्मियो ने के एसिड  द्वारा उत्पन्न दुष्प्रभाव से फायर कर्मियों ने मुक्ति पाई। एसओ यशकांत सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सूचना तुरंत कर दी गई थी। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।