नकली बंदूक दिखाकर बार गर्ल ने की ज्वैलर से लूटपाट की कोशिश
मुंबई,
मुंबई से सटे विरार के एक ज्वैलर से 21 वर्षीय एक महिला ने बंदूक की नोक पर लूटपाट करने की कोशिश की, लेकिन ज्वैलर महिला पर हावी हो गया और उसने महिला की लूटपाट की योजना को विफल कर दिया. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. रिया मिस्त्री नाम की महिला मीरा रोड में एक बार में काम करती है. लोग उसे रेश्मा के नाम से ही जानते हैं. रिया विरार वेस्ट की ग्लोबल सिटी में रहती है. घटना मंगलवार दोपहर की है जब वह बुरका पहनकर देवनारायण ज्वैलर्स की दुकान से ज्वैलरी खरीदने गई. इस दौरान ज्वैलर देवीलाल गुर्जर (30) दुकान में अकेला था. रिया दुकान में ज्वैलरी देखने लगी. उसने देवीलाल को बताया कि वह अपनी शादी के लिए शॉपिंग करने आई है. देवीलाल ने उसे कुछ आइटम दिखाए. जैसे ही वह और आभूषण लेने के लिए दुकान में अंदर गया महिला ने बैग से अपनी बंदूक निकाली और जब देवीलाल आभूषण लेकर लौटा तो महिला ने बंदूक देवीलाल पर तान दी. उसके बाद रिया ने देवीलाल से अपने सभी आभूषण उसके हवाले करने को कहा. यही नहीं महिला ने देवीलाल का बायां हाथ भी पकड़ने की कोशिश की. जैसे ही महिला उसका हाथ पकड़ने के लिए काउंटर की तरफ झुकी. देवीलाल उस पर हावी हो गया और काउंटर से बाहर निकलकर उसे दुकान से बाहर खींच लाया. उसने महिला से उसकी बंदूक भी छीन ली. जैसे ही उसने बंदूक अपने हाथ में ली तो उसे पता चला कि यह असली बंदूक नहीं बल्कि बंदूक की तरह दिखने वाला एक लाइटर है. इसके बाद आस-पास के दुकानदार देवीलाल के बचाव में आ गए. देवीलाल ने तुरंत अर्नाला पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को गिरफ्तार कर लिया. देवीलाल ने नकली बंदूक को भी पुलिस को सौंप दिया. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. पुलिस ने रिया मिस्त्री पर आईपीसी की धारा 392 (चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. वसई कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
