विधायक से की बिजली समस्या दूर कराने की मांग
रुडकी
रुडक़ी के सोलानीपुरम, आदर्शनगर, प्रेमकुंज, खंजरपुर, मलकपुर, सीबीआरआई क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई है। छह अलग-अलग इलाकों की करीब पैंतीस हजार आबादी अघोषित कटौती और लो वोल्टेज से परेशान हैं। जिसको लेकर क्षेत्रीय निवासियों के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक प्रदीप बत्रा से मुलाकात की। विधायक ने मौके से ही ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारी को फोन कर समस्या का जल्द निदान करने के निर्देश दिए। रुडक़ी शहर में गर्मी का ग्राफ बढ़ते ही बिजली की समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है। शहर के कई इलाके विद्युत की अघोषित कटौती, लगातार हो रही ट्रीपिंग और लो वोल्टेज की समस्या को झेलने को मजबूर हैं। रुडक़ी के सोलानीपुरम, आदर्शनगर, प्रेमकुंज, खंजरपुर, मलकपुर, सीबीआरआई क्षेत्र में भी यह तीनों समस्या पिछले 15 दिन से अधिक समय से चल रही है। जिसको लेकर क्षेत्रवासी खासे परेशान हैं। सोमवार को क्षेत्रीय निवासियों ने पहले ऊर्जा निगम के कार्यालय का घेराव करने की तैयारी की थी। बाद में इसे टाला गया और प्रतिनिधिमंडल ने रुडक़ी विधायक प्रदीप बत्रा से मुलाकात की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस बिजली घर से इन सभी छह क्षेत्रों में बिजली सप्लाई की जा रही है। उस बिजली घर से ही ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ दिया गया, तभी से यह परेशानी पैदा हुई है। विधायक प्रदीप बत्रा ने मौके से ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारी को फोन कर क्षेत्रवासियों की समस्या का निस्तारण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा की लो वोल्टेज की समस्या का हल दो दिन में हो जाएगा। बिजली संबंधित अन्य समस्याओं के निदान के लिए जल्द कार्ययोजना बनाने के निर्देश विधायक ने ऊर्जा निगम के अधिकारी को दिए। इस मौके पर रमेश जोशी, सचिन कश्यप, अजय प्रधान, नवीन, राजीव कुमार शर्मा, आरसी गुप्ता, उमेश चौहान, सुधांशु, आरके सैनी, राकेश यादव, केपी यादव, यशपाल चौधरी, मुकेश शर्मा, विकास बंसल, पुलकित भट्नागर मौजूद रहे।
गर्मी ने छुड़ाए पसीने: रुडक़ी में पारा लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। आईआईटी स्थित कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह समान्य से 1.2 डिग्री अधिक था। बारिश नहीं होने के कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है।
