विदेश

नेशनल असेम्बली के पूर्व उपाध्यक्ष पर हमला, इमरान की दूसरी बेगम की सहेली के खिलाफ जांच

इस्लामाबाद

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के पूर्व उपाध्यक्ष कासिम सूरी पर राजधानी इस्लामाबाद के एक निजी होटल में हाथापाई की गयी। एआरवाई न्यूज ने श्री सूरी के हवाले से बताया कि वह आज तड़के सेहरी के लिए कोहसर मार्केट स्थित एक होटल में पहुंचे, तभी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल मंत्री शाहजैन बुगती के गार्डों ने उन पर हमला किया। उधर, पाकिस्तान की भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था ने अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी की करीबी दोस्त फराह खान के खिलाफ आय से अधिक अवैध संपत्ति मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। लाहौर के भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था के डीजी को फराह खान के खिलाफ जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है।
आशंका जताई जा रही थी कि पाकिस्तान में नई सरकार बनने के बाद फराह खान को गिरफ्तार किया जा सकता है। उनके पति अहसन जमील गुज्जर पहले ही अमेरिका जा चुके हैं। विपक्ष का आरोप है कि फराह ने अधिकारियों को मनपसंद पद दिला मोटी रकम कमाई है। यह पाकिस्तान का सबसे बड़ा घोटाला है और फराह ने 600 करोड़ पाकिस्तानी रुपये वसूले हैं।