उत्तराखण्ड

रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप का कार्य रोकने के निर्देश

ऋषिकेश

रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप कार्य में गुणवत्ता की कमी को लेकर शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने पर्यटन सचिव को निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। बुधवार को कैंप कार्यालय में शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक में आईएसबीटी के समीप बन रहे रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप के संदर्भ में जानकारी मांगी। कहा कि निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ता की कमी होने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। मामले में संतोषजनक जवाब न मिलने पर मंत्री ने पर्यटन अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर से दूरभाष पर वार्ता की। कहा कि निर्माणाधीन रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप के निर्माण कार्य को रोका जाए। उन्होंने स्थानीय पर्यटन अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। कहा कि आईएसबीटी के समीप 3.70 हेक्टेयर भूमि पर रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य 14.80 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। इसकी कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल है। यह कार्य 27 दिसंबर 2019 को शुरू किया गया था, जिसे 23 मार्च 2022 तक पूर्ण किया जाना था। कार्य में लगातार गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने निर्माण कार्य को रोकने के निर्देश दिए। मौके पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद, ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंता अमित नेगी, अवर अभियंता जसवीर सजवाण आदि मौजूद रहे।