ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा
विकासनगर। ग्राम पंचायत बादामावाला के ग्रामीणों ने गांव में आवंटित पट्टे की आड़ में समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किये जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने तत्काल अवैध कब्जा हटाने व पट्टा निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि तत्काल कार्रवाई नहीं की तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि गांव की एक महिला को ग्राम सभा ने आवास निर्माण के लिए पट्टे के रूप में भूमि आवंटित की थी। लेकिन, उक्त महिला आवंटित भूमि की बजाय ग्राम समाज की अन्य भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। इतना ही नहीं, विरोध किये जाने पर वो और उसका परिवार ग्रामीणों के साथ लड़ाई झगड़े से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। जिससे ग्राम पंचायत में तनाव का माहौल बना हुआ है और गांव में कभी शांति व्यवस्था के लिए खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों ने एसडीएम से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए समाज की भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे को मुक्त कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों व ज्ञापन सौंपने वालों में अरविंद शर्मा, सतपाल, महेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, आशीष कुमार, राजेन्द्र सिंह, सुरेश, प्रेमचंद, विजय, राकेश, राजकुमार, रेखा, पवन कुमार, राहुल आदि शामिल रहे।
