उत्तराखण्ड

विधायक व समर्थक के खिलाफ प्रदर्शन

रुड़की

खानपुर विधायक और उनके एक समर्थक पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने नगर के बालावाली तिराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। विधायक का कहना है कि विरोधी वीडियो के आधे भाग को दिखा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खानपुर विधायक उमेश कुमार और उनके एक समर्थक की कथित वीडियो के बाद कुछ लोग शनिवार दोपहर बाद लक्सर नगर के बालावाली तिराहे पर इकट्ठा हुए और विधायक और उनके समर्थक के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थक ने तिरंगे झंडे को मेज से हटाकर नीचे जमीन पर रखा। मामले में पुलिस को तहरीर भी दी जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि दोनों के खिलाफ पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करनी चाहिए। विरोध करने वालों में भीम सिंह, प्रधान विरेंद्र सिंह, भगत सिंह, पहल सिंह, सुखपाल, ईश्वरपाल, नकली सिंह, जितेंद्र कुमार, सुंदर, श्क्ति सिंह, मुकेश, अंकित, मोनू, शिवम, विशाल, ओमपाल, जोगेंद्र कुमार, बंगाल सिंह, विनय, सुरेंद्र पंवार आदि शामिल थे। उधर, खानपुर विधायक उमेश कुमार का कहना है कि उनके विरोधी वीडियो का आधा भाग दिखा रहे हैं। बाकी के आधे भाग में तिरंगे को मेज से हटाकर दूसरी टेबल पर रखा गया है। कहा कि पुलिस जांच करेगी तो दोनों वीडियो उन्हें उपलब्ध करा दी जाएगी।