शॉट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
विकासनगर
सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत होर्रावाला गांव में बिजली का शॉट सर्किट होने से एक घर में आग लग गई। इससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान आग में जलकर राख हो गया। परिजनों के अनुसार हाल में दो बेटियों की शादी होनी थी। शादी के चलते सामान घर में रखा हुआ था। वह भी आग की भेंट चढ़ गया। सेलाकुई दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को करीब साढ़े ग्यारह बजे रात मतलूब हसन पुत्र रसीद अहमद निवासी होर्रावाला के घर में अचानक आग लग गयी। रात के समय तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। परिजनों ने सेलाकुई दमकल विभाग की टीम को फोन पर सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पूरा घर और वहां रखा सामान जलकर राख हो गया था। घर में रखा सामान, कपड़े, बिस्तर, बर्तन जल गए। दो बेटियों की शादी भी कुछ ही दिन के बाद होनी थी। जिनके दान-दहेज का सामान भी घर में रखा था जो आग की भेंट चढ़ गया। परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। एफएसओ फायर सर्विस सेलाकुई रमेश चंद्र ने बताया कि घर में बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी है। बताया कि रिपोर्ट बनाकर तहसील और जिला प्रशासन को भेज दी है।
