एनएपीएसआर ने स्कूल पर छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ का लगाया आरोप
विकासनगर
नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टुडेंड राइट (एनएपीएसआर) ने ब्लॉक के एक निजी शिक्षण संस्थान पर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। शुक्रवार को तहसील प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में एनएपीएसआर से जुड़े अभिभावकों ने बताया कि एक शिक्षण संस्थान में इन दिनों भवन के दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा है। संस्थान की ओर से विद्यालय समय पर ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि प्रथम तल पर कक्षाओं को संचालन हो रहा है। ऐसे में छात्र-छात्राओं के भारी निर्माण सामग्री की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। अभिभावकों ने तहसील प्रशासन से स्कूल प्रबंधन को विद्यालय समय के बाद निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष अरविंद शर्मा, दीप चंद वर्मा, मधु मारवाह आदि शामिल रहे।
