उत्तराखण्ड

किसानों ने किया चीनी मिल में हंगामा

रुड़की।  उत्तम शुगर मिल गेट पर गन्ने की तौल करवाने गए एक किसान का भैंसा बुग्गी चीनी मिल के क्षतिग्रस्त केन यार्ड में फंस गया। इससे भैंसे की मौत हो गई। किसानों ने इसे लेकर हंगामा किया। बाद में मिल प्रबंधन ने पीड़ित किसान को मुआवजा देने का लिखित आश्वासन दिया। बुधवार को निजामपुर निवासी किसान रणवीर सिंह अपनी भैंसा बुग्गी से उत्तम चीनी मिल गेट पर गन्ने की तौल कराने के लिए गया था। वहां चीनी मिल के केन यार्ड में जलभाव व गड्ढे होने की वजह से उसकी भैंसा बुग्गी उसमें फंस गई। भैसे ने कीचड़ से निकलने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह निकल नहीं पाया। हारकर उसने वहीं पर दम तोड़ दिया। पीड़ित किसान के मुताबिक उसके भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये थी। साथ ही उसकी बुग्गी भी क्षतिग्रस्त हो गई। किसानों ने हंगामा किया। सूचना पर आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी नवनीत राठी भी पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख मिल प्रबंधन ने किसान को पचास हजार रुपये की राशि मुआवजे के तौर पर देने का लिखित आश्वासन दिया है। इस दौरान विनोद कुमार, राजदीप सिंह, विजय कुमार, रणजीत सिंह, राहुल कुमार, लवी, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे।