उत्तराखण्ड

जनता दर्शन में सामने आई 15 शिकायतें

नई टिहरी। जिला मुख्यालय पर सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों की 15 शिकायतें डीएम इवा श्रीवास्तव के समक्ष आई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।
जिला सभागार में आयोजित जनता दर्शन में डीएम के समक्ष शिकायत रखते हुये ग्राम डंडासली निवासी चन्दन सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम डंडासली उत्तरी पट्टी मनियार के खाले नामें में उनके हक-हकूक व स्वामित्व का खेत स्थित हैं। जिसे उन्होंने भारत कम्पनी को एनएच 94 राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क चौड़ीकरण के क्रसर मशीन लगवाने के लिये दिया था। अब ठेकेदार ने मशीन हटा कर खेत के समतलीकरण के लिए मना कर दिया है। जिससे खेत पर बुआई नहीं कर पा रहे हैं। डीएम ने एसडीएम को मामले में त्वरित कार्यवाही को कहा। पालिका सभासद रघुवीर सिंह रावत ने बताया कि चम्बा क्षेत्र में मुख्य गब्बर सिंह चौक से तल्ला चम्बा की ओर जाने वाले कॉलेज रोड के झंगोरा घाटी पर नारदानें की मरम्मत करवाया जाना अति आवश्यक है। यह मोटर मार्ग वर्तमान में वन विभाग के स्वामित्व में है। मोटर मार्ग में मुख्य चौक से तल्ला चम्बा की ओर जाने वाले मार्ग पर झगोरा घाटी मोड़ पर नारदाना स्थित है, जो कि वर्तमान में पूर्णतः क्षतिग्रस्त एवं रोड के नीचे से खोखला हो गया है। जिसके टूटने से कभी अप्रिय घटना हो सकती है। डीएफओ व लोनिवि को कार्यवाही के निर्देश दिये गये। गंगी गांव की प्रधान लक्ष्मी देवी ने डीएम को बताया कि ग्राम पंचायत गंगी के देवखुरी नामें तोक में आंगनबााड़ी पद सृजित कराने की आवश्यकता है। ताकि वहां रह रहे 50 परिवार के 0-5 साल तक के करीब 26 बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में जा सकें। डीएम ने पद सृजन को पत्राचार के निर्देश दिये। बांध प्रभावित संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा ने कहा कि टिहरी बांध से प्रभावित पात्र परिवारों और काश्तकारों की भूमि, वृक्षों व भवनों का प्रतिकर शीघ्र दिया जाय। जिसमें ग्राम नन्दगांव के 24 पात्र परिवारों की आरएल 860 मीटर से ऊपर के वृक्षों का मूल्यांकन करने, ग्राम उठड़ के पात्र परिवारों के सम्पूर्ण भवनों एवं वृक्षों का मूल्यांकन शीघ्र करने, सांपाश्विक क्षति नीति से प्रभावित ग्रामीणों की कृषि भूमि का फसलाने का भुगतान आदि मांग रखी। जिस पर कार्यवाही का भरोसा दिया गया। नई टिहरी निवासी 66 वर्षीय शांति देवी ने आवास दिलाये की मांग की। ब्लॉक रोड चम्बा निवासी पूना रतूड़ी ने राज्य आंदोलनकारी पति की पेंशन उन्हें दिलाने की मांग की। इस मौके पर डीएफओ वीके सिंह, सीएमओ डा. संजय जैन, डीएसटीओ निर्मल शाह, ईई लोनिवि केएस नेगी, महाप्रबंधक उद्योग महेश प्रकाश आदि मौजूद रहे।