उत्तराखण्ड

भाजपा युवा मोर्चा करेगा सैनिक परिवारों-प्रतिभाओं का सम्मान

श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा के अंतर्गत भाजपा युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन और सैनिक परिवारों व प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। भाजयुमो के प्रदेश मंत्री डा. सुधीर जोशी ने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और नशामुक्त समाज की कल्पना के संकल्प के साथ इस आयोजन को करवा रहा है। श्रीनगर में आयोजित भाजयुमो की बैठक में डा.जोशी ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा के श्रीनगर, खिर्सू, पाबौ, पैठाणी और थलीसैंण मंडलों में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन सात दिसम्बर से किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों और आजाद भारत के बाद हुए विभिन्न युद्धों में अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के परिवारजनों से घर-घर जाकर सम्पर्क किया जाएगा और उनके सम्मान का कार्यक्रम 16 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। विधानसभा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के मेधावी छात्र-छात्राओं, श्रीनगर के ऐसे सभी प्रतिभावान युवा जो विभिन्न क्षेत्रों में नई पीढ़ी के लिए आदर्श हैं ऐसी सभी प्रतिभाओं को भी युवा मोर्चा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर अर्जुन कृष्ण गैरोला, विपिन नौटियाल, आशीष उनियाल, विकास रावत, लक्ष्मण बुटोला, अनुज बमराड़ा, विजय चमोली, सुजीत गैरोला आदि मौजूद रहे।