उत्तराखण्ड

ग्रामीणों को दी ईवीएम के प्रयोग की जानकारी

विकासनगर। विधान सभा चुनाव नजदीक आते ही निर्वाचन आयोग भी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को आयोग की टीम ने तहसील क्षेत्र के दूरस्थ हाईस्कूल पष्टा में ग्रामीणों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी मुहैया कराई। इसके साथ ही गांव में मतदान जागरूकता वैन ने लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। टीम का नेतृत्व कर रहीं राजकीय महिला पॉलीटेक्निक देहरादून की प्रवक्ता नमिता पंत और अनामिका ग्रोवर ने ग्रामीणों को ईवीएम के प्रयोग की जानकारी मुहैया कराई। उन्होंने बताया कि इस बार मतदान के लिए बटन दबाने के बाद ईवीएम पर सात सेकेंड तक एक पर्ची दिखाई देगी, जिससे मतदाता को यह पता चलेगा कि उसका मत उसके पसंदीदा प्रत्याशी को ही पड़ा है। उन्होंने कहा कि मतदान करना प्रत्येक वयस्क नागरिक का दायित्व है। विद्यालय के शिक्षकों समेत समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को मतदान के लिए जागरूक करना चाहिए। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग पारदर्शी प्रक्रिया के तहत मतदान संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है, इसके लिए मतदान से पूर्व गांवों में जाकर लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी मुहैया कराने के साथ ही ईवीएम के सही ढंग से प्रयोग की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान प्रधानाध्यापक सुरेश नौटियाल, दिनेश तोमर, आकाश, माला देवी, बहादुर सिंह असवाल, चौ. हुकम सिंह, सुरेंद्र दत्त आदि मौजूद रहे।