करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए तैयार किए फर्जी कागजात
रुड़की। फर्जी कागजों की मदद से करोड़ों रुपये की जमीन के फर्जी बैनामा तैयार कर लिया। असली मालिक को धोखाधड़ी की जानकारी मिली तो वह रुड़की पहुंचे। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज मुकदमे के मुताबिक मूलरूप से जिला अल्मोड़ा के नारसिंह बिठौली निवासी गोपाल आर्य हाल निवासी अरावली अपार्टमेंट विभाग 52 जिला गौतम बुद्ध नगर ने बताया कि रुड़की के कान्हापुर और मलकपुर लतीफपुर में उसकी करोड़ों रुपये की भूमि है। इस भूमि के लखमीरा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी कागजात तैयार कराए। बताया कि तहसील से अधिवक्ता के फोन आने पर उसे धोखाधड़ी की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने रुड़की आकर जांच पड़ताल की। पता चला कि उक्त संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कराकर बैनामा कराया गया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मेनवाल ने बताया कि लखमीरा निवासी कोटवाल आलमपुर कोतवाली मंगलौर, गयासुद्दीन शेख निवासी रुड़की सिविल लाइंस और संतोषी देवी निवासी बुदुली अल्मोड़ा के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
