पुलिस परिवार के बच्चों को दिया प्रशिक्षण
पौड़ी। उत्तराखण्ड पुलिस परिवार के कल्याण के लिए बनाए गए उत्तराखण्ड पुलिस वाइफ वेलफेयर एसोसिएशन व एसएसपी के निर्देश पर उपवा पौड़ी के सहयोग से पुलिस परिवार की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस लाइन पौड़ी में 7 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने गए। जिसमें पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने आधुनिक युग के दौर में आत्मनिर्भर बनने के लिये बच्चों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, सेल्फ डिफेन्स, खेल आदि की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी गई। समर कैंप के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाये जाने के उद्देश्य से पुलिस लाईन पौड़ी में महिला उपनिरीक्षक टीना रावत के नेतृत्व में पुलिस परिवार के बच्चों को 7 दिवसीय सेल्फ डिफेन्स का प्रशिक्षण देकर अभ्यास कराया गया। इस दौरान बच्चों को आत्मरक्षा से जुड़े सभी गुर सिखाए गए। बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। कैंप के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण, खेल, आत्मरक्षा आदि का प्रशिक्षण दिया गया। एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने बताया कि उपवा के तहत पौड़ी पुलिस द्वारा पुलिस परिवार की महिलाओं व बच्चों को आत्मनिर्भर बनाए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
