अधर में लटका सड़क का निर्माण कार्य ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के गांव पदार्था स्थित वन गुर्जर बस्ती में सड़क का काम अधर में लटका हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क निर्माण के काम रोकवा दिया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क के रुके हुए कार्य को शुरू करने की मांग की। काम शुरू न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। पथरी क्षेत्र के गांव पदार्था, वन गुजर बस्ती के साथ अन्य कई गांव में टूटी सड़को को बनाने का काम चल रहा था। ठेकेदार की ओर से लगभग दो किमी तक सड़क का निर्माण भी कर दिया गया है। लेकिन सड़क के दोनों ओर नाले के धीमे कार्य के कारण सड़कों के काम को रोक दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील थी। सड़क निर्माण में देरी होने के चलते ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण सुनील, दीपक, राम कुमार, सुनील, दीपक चौहान, राजेश कुमार, किशन कुमार, सुनील चौहान, सुनील आदि का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में देरी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जल्द कार्य शुरू हुआ होता तो अभी तक सड़क बनकर तैयार हो जाती। लोग निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके तोमर ने बताया कि सड़क के पास नाले का निर्माण हो रहा है। जिस कारण सड़क का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जल्द रुके हुए कार्य को शुरू किया जाएगा।
