उत्तराखण्डमुख्य समाचार

ट्रॉली से टकराकर हुई थी पंकज की मौत

रुडकी। बेलड़ा में बाइक सवार की मौत ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर हुई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के पैनल के भी बयान दर्ज किए हैं। बीती 11 जून को बेलड़ा निवासी पंकज (30) की मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने पंकज की पिटाई की थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में ट्रैक्टर चढ़ा कर पंकज को कुचल दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। जबकि ट्रैक्टर-ट्राली चालक पक्ष का कहना था कि पंकज रात के वक्त सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टकराया था। जिस वजह से दुर्घटना हुई थी। पंकज की मौत के बाद दोनों पक्षों में पंकज की मौत को लेकर तनाव पैदा हो गया था। 12 जून को शाम के वक्त कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे। कोतवाली सिविल लाइंस का प्रभार देख रही प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुर्घटना के कारण मौत होनी बताई गई है। पोस्टमार्टम पैनल में शामिल डॉक्टरों के भी बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं।